पेपर लीक विरोधी बिल पर बोले मदन दिलावर, कहा- सख्त कानून से रुकेगी नकल माफिया की गतिविधियां

Update: 2026-08-01 15:28 GMT
Mumbai मुंबई। संसद के दोनों सदनों से एंटी पेपर लीक बिल पारित होने के बाद राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा और मजबूत कानून है, जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए मदन दिलावर ने कहा कि नए कानून में व्यवस्था को काफी सख्त और मजबूत बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी कारण से पेपर लीक जैसी घटना होती है तो इसमें दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है।
राजस्थान के शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को राज्य में सत्ता संभाले करीब पौने तीन साल हो चुके हैं और इस दौरान एक भी पेपर लीक की घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। मदन दिलावर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं हुईं और प्रश्नपत्रों की बिक्री तक की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल कई लोग आज जेल में हैं और आगे भी उन्हें सजा भुगतनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। मंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और नए कानून से पेपर लीक करने वालों पर लगाम लगेगी। गौरतलब है कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने कड़े प्रावधानों वाला विधेयक संसद में पेश किया था, जिसे दोनों सदनों की मंजूरी मिल गई है। इस कानून का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली धोखाधड़ी और संगठित नकल गिरोहों पर रोक लगाना है।
Tags:    

Similar News