मुंबई: राज्य में शिंदे-फडणवीस सरकार (Shinde-Fadnavis Government) गठित होने के बाद एक बार फिर राजनीतिक भूकंप आ सकता है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण (Ashok Chavan) ने उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) से मुलाकात की है। जिसको लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
इस मुलाकात के बाद कयासों का बाजार गर्म हो गया है। सूत्रों ने यह भी जानकारी दी है कि कांग्रेस के कुछ और विधायक भी बीजेपी के संपर्क में हैं।
दोनों नेताओं ने राजनीतिक चर्चा से किया इंकार
राज्यसभा और महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आशीष कुलकर्णी को अब मुख्यमंत्री कार्यालय में समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। शिवसेना, मनसे और कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ करीबी संबंध रखने वाले कुलकर्णी के घर देवेंद्र फडणवीस और अशोक चव्हाण के बीच मुलाकात हुई और दोनों नेताओं ने लगभग 20 मिनट तक बातचीत की। हालांकि देवेंद्र फडणवीस और अशोक चव्हाण ने किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा से इंकार किया है।
कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई: अशोक चव्हाण
अशोक चव्हाण ने इस मुलाकात को लेकर स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि उनके और फडणवीस के बीच कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है। इसी तरह देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे कुलकर्णी के घर गए थे जब हम पहुंचे उस समय अशोक चव्हाण निकल रहे थे। हमारी शिष्टाचार मुलाकात हुई। किसी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। इसके पहले राज्य के कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार ने पूर्व मुख्यमंत्री और महाविकास आघाड़ी सरकार में सार्वजनिक निर्माण मंत्री रहे अशोक चव्हाण से मुलाकात की थी।
बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं कुछ विधायक
सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और कुछ अन्य विधायक कांग्रेस से नाराज हैं और वे बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन बीजेपी कांग्रेस के लोगों को सीधे पार्टी में नहीं लेना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी चाहती है कि नाराज विधायक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हों। शिंदे गुट के साथ होने वाले चुनावी समझौते में सभी को समाहित किया जाएगा, लेकिन बात जम नहीं रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 5 सितंबर को मुंबई आ रहे हैं। उनके साथ विभिन्न राजनीतिक विषयों पर चर्चा हो सकती है।