Sheopur में मारपीट के विरोध में सड़क पर उतरे युवा, चौकी की मांग पर अड़े
Sheopur श्योपुर: शहर में कुछ दिनों पहले बाइक सवार युवकों के साथ हुई बेरहमी से मारपीट की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था. बेल्टों, लात-घूंसों से हुई इस बर्बर पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद शहरवासियों में गहरा आक्रोश देखने को मिला. घटना के विरोध में युवाओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग की.
बीजेपी सहित अन्य संगठनों के युवाओं ने भी इस गंभीर वारदात के खिलाफ आवाज़ बुलंद की और एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले में तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. कोतवाली थाना पुलिस ने राजा उर्फ ढाई, फैजल खान, ऐजाज खान और दिलशाद खान को गिरफ्तार कर लिया है.
इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को शक्तिदल से जुड़े युवाओं ने शहर में बाइक रैली निकाली और श्योपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया. उन्होंने एसपी बीरेंद्र जैन को ज्ञापन सौंपते हुए बस स्टैंड क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जयपुर जा रहे बाइक सवार युवकों के साथ बिना किसी विवाद के बेरहमी से मारपीट की गई. ऐसी घटनाएं पहले भी बस स्टैंड क्षेत्र में हो चुकी हैं.
बीजेपी नेता रामलखन नापाखेड़ली ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर नाराजगी जताई और सवाल उठाया कि क्या किसी को इस तरह बेरहमी से पीटना सही है? उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना की मुस्लिम समाज के कुछ प्रतिनिधियों द्वारा सार्वजनिक रूप से निंदा नहीं की गई, जबकि इस तरह की घटनाओं पर समाज को एकजुट होकर विरोध करना चाहिए. उन्होंने कहा कि कानून के माध्यम से दोषियों को ऐसी सज़ा दिलाई जाएगी जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां याद रखें.
कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.