JABALPUR जबलपुर: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई का दृश्य अचानक हंगामे में बदल गया। मामला अभिषेक सोनकर नाम के व्यक्ति की बिना तलाक पहली पत्नी प्रीति वंशकार को छोड़े दूसरी शादी से जुड़ा था। शिकायत लेकर पहली पत्नी अपने बेटे के साथ सीधे एसपी ऑफिस पहुंची और दोनों पत्नियों का आमना-सामना हुआ, जिसके बाद हाथापाई और जमकर हंगामा शुरू हो गया। मौके पर दोनों महिलाएं बाल पकड़कर खींचतान करने लगीं और चप्पल व पानी की बोतलें फेंककर एक-दूसरे पर हमला करने लगीं। पुलिसकर्मी बीच-बचाव के प्रयास में लगे रहे, लेकिन दोनों पक्ष शांत नहीं हुए। प्रीति वंशकार का आरोप है कि पति ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली। उन्होंने बताया कि उसने पति के कहने पर नसबंदी करवा ली थी, लेकिन इसके बावजूद अभिषेक ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया। प्रीति और अभिषेक के दो बच्चे हैं, जिनमें से एक बेटी की हाल ही में मृत्यु हो चुकी है। दूसरी पत्नी का दावा है कि वह कानूनी रूप से अभिषेक की पत्नी हैं और किसी भी हाल में पति को छोड़ने वाली नहीं हैं। दोनों पत्नियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर सार्वजनिक रूप से एसपी ऑफिस में चला। अभिषेक भी चुपचाप खड़ा तमाशा देखता रहा
पुलिस ने अंततः अभिषेक और दोनों पत्नियों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन्स थाना ले जाया। यहां पुलिस ने तीनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह का समाधान नहीं निकल पाया। एसपी कार्यालय में हुई इस घटना ने वहां मौजूद नागरिकों और अधिकारियों को हैरान कर दिया। मामला प्रशासन और कानूनी प्रक्रियाओं के बीच उलझन को भी उजागर करता है, क्योंकि पति की दूसरी शादी और पहली पत्नी की नाराजगी ने सार्वजनिक जगह पर विवाद का रूप ले लिया।