रायसेन। थाना क्षेत्र के ग्राम ताजपुर में मंगलवार सुबह उस समय तनाव फैल गया जब कुछ लोगों ने राहुल नामक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल राहुल, जो मूल रूप से खुरई का निवासी है और अपने दोस्त के यहां आया था, उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुँचे, जहां रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुँच गए और पीड़ित के समर्थन में थाना कोतवाली के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। संगठन ने आरोप लगाया कि राहुल पर हमला बेहद गंभीर है, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में ढिलाई बरत रही है। कई घंटे तक चली बातचीत और दबाव के बाद पुलिस ने आखिरकार आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने हमलावरों पर धारा 396(B), 119(1), 115(2), 118(1), 333 व धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुटी है।