Khargone खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां बिस्टान थाना क्षेत्र में दो दुपहिया वाहनों की आमने-सामने से टक्कर हो गयी। बता दें कि इस हादसे में एक व्यक्ति, उसकी बेटी और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसके दो बच्चे घायल हो गए।
दो मोटरसाइकिल वाहनों की हुई आमने-सामने से टक्कर
हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि बिस्टान थाना क्षेत्र में महरेल और मोमडिया के बीच कल रात दो दुपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 32 वर्षीय मिथुन, उनकी 7 वर्षीय बेटी खुशी और दूसरे दोपहिया वाहन के चालक 20 वर्षीय प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे तीन लोगों की मौत, दो घायल
इस घटना में मिथुन की दूसरी बेटी काजल और बेटा गंगाराम भी घायल हो गए। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। प्रकाश सिंगुन का रहने वाला था, जबकि मिथुन अपने बच्चों के साथ महारेल पर धपला से अपने घर जा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।