दर्दनाक हादसा, पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान 2 शिक्षक और छात्र की मौत
दर्दनाक हादसा, पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान 2 शिक्षक और छात्र की मौत
रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार को पिकनिक के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रतलाम से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित पैराडाइज वैली में पानी में डूबने से दो शिक्षकों और एक छात्र की मौत हो गई।हादसे में एक छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक जावरा के त्रिमूर्ति हाई स्कूल के 15 से अधिक छात्र-छात्राएं स्कूल स्टाफ के साथ पैराडाइज वैली पहुंचे थे। दोपहर के समय कुछ विद्यार्थी पानी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान कुछ छात्र गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। छात्रों को डूबता देखकर दो शिक्षक उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। हालांकि वे भी गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से पानी में तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद तीनों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान विजय सिंह (52), निवासी जावरा, प्रिंस पिता करण (28), निवासी जावरा और 15 वर्षीय हर्षित पाटीदार के रूप में हुई है। मृतकों में दो शिक्षक और एक स्कूली छात्र शामिल हैं।
बताया गया कि हादसे के दौरान एक छात्रा भी पानी में डूबने लगी थी, जिसे सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद स्कूल परिवार और जावरा क्षेत्र में शोक की लहर है।
दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिकनिक के दौरान बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। घटना ने स्कूलों की ओर से आयोजित पिकनिक और बच्चों को जलाशयों के पास ले जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।