सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलटा, दबने से 6 साल के बच्चे की मौत

बड़ी खबर

Update: 2022-07-03 10:25 GMT

भोपाल। राजधानी के कोलार इलाके में एक छह वर्षीय बालक की ट्रैक्टर के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय मासूम अपने चाचा के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेतों पर जा रह था। अचानक एक मवेशी के सामने आ गया। उसे बचाने के चक्‍कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी लगने के बाद बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। कोलार पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। पुलिस उसके चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

पुलिस के मुताबिक छह साल का ओमकार अहिरवार डेहरी कलां गांव का रहने वाला था। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। छह भाई-बहनों में ओमकार सबसे छोटा था। वह शनिवार को सुबह से ही खेत पर जाने की जिद कर रहा था। हालांकि परिवार के लोग उसे खेतों पर जाने के लिए रोक भी रहे थे, लेकिन नहीं माना। आखिरकार उसके उसके चाचा उसे ट्रैक्‍टर पर बिठाकर खेत पर ले जाने के लिए तैयार हो गए। वे दोनों गांव की सड़क से गुजर रहे थे, तभी उनके ट्रैक्टर के सामने मवेशी आ गया। उसे बचाने के चक्‍कर में ट्रैक्‍टर चला रहे उसके चाचा वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और ट्रैक्टर डगमगाते हुए पलट गया। मासूम ओमकार उसकी चपेट में आ गया। स्‍वजन जैसे-तैसे ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने चेक करने के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर छानबीन शुरू की।
Tags:    

Similar News