Gwalior ग्वालियर : मध्य प्रदेश का चंबल अंचल हमेशा किसी ना किसी कारण से चर्चा में रहता है. अब तो यहां होने वाली जनसुनवाई भी अक्सर सुर्खियों में छायी रहती है. मंगलवार को ग्वालियर में एसपी ऑफिस में जनसुनवाई में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया.
जहां अपनी फरियाद लेकर पहुंची एक शिकायकर्ता महिला ने जनसुनवाई के दौरान सभी पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आत्महत्या की कोशिश की. जिसके बाद तुरंत पुलिस अधिकारियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. असल में मंगलवार को ग्वालियर एसपी कार्यालय में जनसुनवाई चल रही थी,
इसी बीच एक महिला अपनी शिकायत लेकर पहुंची. उसका आरोप था कि वह सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता है और उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा. वह कई दिनों से थाने के चक्कर काट रही है. तेज हंगामा करते करते अचानक महिला ने अपनी जान देने की कोशिश की. जिसकी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.