Indore इंदौर: जिले में हुई फैक्ट्री आग दुर्घटना ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है। जिले के कलेक्टर शिवम वर्मा ने रविवार को बताया कि हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाली फैक्ट्रियों पर लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। अब तक आठ फैक्ट्रियां सील की जा चुकी हैं, जहां फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि शनिवार को जिले के एक वरिष्ठ व्यक्ति द्वारा संचालित फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी। आग इतनी भीषण थी कि दो महिला कर्मचारी उसमें झुलस गईं और उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।
उन्होंने कहा, “हादसे की खबर मिलते ही हमने तुरंत संबंधित फैक्ट्री पर कार्रवाई की और प्रक्रियानुसार उसे सील करने के आदेश जारी किए। इसके साथ ही हमने जिले की अन्य फैक्ट्रियों में भी व्यापक जांच अभियान शुरू किया है ताकि इस तरह की कोई और त्रासदी न हो। कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन की टीमें रविवार सुबह से ही सक्रिय हैं और औद्योगिक क्षेत्रों में मौजूद सभी फैक्ट्रियों की फायर सेफ्टी ऑडिट जांच कर रही हैं। “जिन स्थानों पर सुरक्षा उपकरण, फायर हाइड्रेंट या अग्निशमन यंत्र पर्याप्त नहीं हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है,” उन्होंने कहा।
शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल औपचारिक नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य मजदूरों और कर्मचारियों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। “हमारी प्राथमिकता यह है कि जिले में कोई भी फैक्ट्री बिना फायर सेफ्टी प्रमाणन के संचालित न हो,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने श्रम विभाग, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीमें गठित की हैं, जो हर औद्योगिक इकाई में जाकर निरीक्षण कर रही हैं। अब तक करीब 30 से अधिक फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें से आठ को गंभीर लापरवाही के कारण सील किया गया है।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि इस अभियान के दौरान जहां भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिलेगा, वहां कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “यह केवल नियमों का पालन करवाने की बात नहीं है, बल्कि यह उन मजदूरों के जीवन की सुरक्षा का मामला है जो दिन-रात इन इकाइयों में मेहनत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिले के सभी उद्योगपतियों और फैक्ट्री मालिकों को नोटिस जारी किया गया है कि वे अपने संस्थानों में फायर सेफ्टी सिस्टम, इमरजेंसी एक्जिट और अग्निशमन प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर शिवम वर्मा ने लोगों से अपील की कि वे सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली फैक्ट्रियों की जानकारी प्रशासन को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।