करंट की चपेट में आने से धनबाद में छह रेल ठेकाकर्मियों की मौत, एक दर्जन झुलसे

Update: 2023-05-29 16:06 GMT

धनबाद। झारखंड में धनबाद जिले के गोमो-धनबाद रेलखंड के झारखोर फाटक के निकट सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। रेलवे लाइन के हाईटेंशन तार की चपेट में आकर छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन लोग झुलस गए। ये सभी लोग एक एजेंसी के अधीन मजदूरी कर रहे थे।

बताया गया कि निश्चितपुर रेल फाटक के पास सभी मजदूर पोल गाड़ रहे थे। काम करा रही एजेंसी ने रेलवे से इलेक्ट्रिक शटडाउन की इजाजत नहीं ली थी। इस दौरान पोल डगमगा कर 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड तार को छू गया। नतीजतन करंट लगने से छह मजदूरों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य झुलस गए। सभी मृतक झारखंड के पलामू और लातेहार के अलावा यूपी के इलाहाबाद के रहने वाले थे। मृतकों में गोविंद सिंह, श्यामदेव सिंह, सुरेश मिस्त्री, श्याम भुइया, संजय राम और एक अन्य शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर धनबाद के डीआरएम कमल किशोर सिन्हा और रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद आमजन और अन्य ठेका कर्मियों का काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग इस घटना के लिए ठेकेदार और रेलवे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन की लापरवाही के कारण इतनी बड़ी दुर्घटना हुई।

राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंच गयी है। मारे गये मजदूरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में मारे गये ज्यादातर मजदूर लातेहार के रहने वाले हैं। इस साइट पर लंबे समय से काम चल रहा था और कई मजदूरों ने दो महीने पहले ही इलाके में आकर काम करना शुरू किया था। जो कंपनी इन मजदूरों को लेकर आयी थी, उसका नाम सिक्का है। मालिक का नाम संजय सिक्का है। घटना के बाद रेल परिचालन को भी रोके जाने की खबर है, बताया जा रहा है कि नेताजी एक्सप्रेस को तेतुलमारी स्टेशन पर ही रोक दिया गया है। प्रताप एक्सप्रेस को भी धनबाद स्टेशन पर रोका गया है।


Tags:    

Similar News

-->