Sidhi सीधी: जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के कपूरी बेडलिया गांव में उस समय दहशत फैल गई, जब बानसागर नहर में एक आदमी का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान किशोरी लाल बंसल (45 साल) के रूप में हुई है, जो रविवार रात से लापता थे।मिली जानकारी के अनुसार, नहर के पास मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने पानी में शव तैरता हुआ देखा। यह खबर पूरे गांव में तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।ग्रामीण लवकुश गुप्ता और उनके साथियों ने हिम्मत दिखाते हुए, लगभग 12 फुट गहरे और तेज बहते पानी में जाकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 के ज़रिए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चुरहट थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेला अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, शव को कब्जे में लिया और ज़रूरी कार्रवाई की। शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक के परिवार ने रामपुर नैकिन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।थाना प्रभारी ने बताया कि जिस नहर में शव मिला है, वह सिहावल की ओर जाती है और उसे बानसागर नहर के नाम से जाना जाता है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। इस घटना के बाद गांव में दुख और डर का माहौल है।