Sidhi सीधी: जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में कोलदहा पुल के पास एक डीजल टैंकर पलट गया। हादसे में टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह से कुचल गया। ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं और क्लीनर भी घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टैंकर पलटते ही उससे डीजल लीक होने लगा। खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। खतरे को नज़रअंदाज़ करते हुए लोग गिरे हुए डीजल को बाल्टियों और बर्तनों में भरने लगे। डीजल लूटने की होड़ मच गई।
सड़क पर डीजल फैलने से स्थिति बहुत खतरनाक हो गई थी। मौजूद लोगों ने बताया कि एक छोटी सी चिंगारी भी बड़ा धमाका कर सकती थी, जिससे पूरा इलाका आग की लपटों में घिर सकता था।हादसे की जानकारी मिलते ही अमिलिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और भीड़ को हटाना शुरू कर दिया, जिससे डीजल की और लूटपाट रोकी जा सके। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच कर रही है।