Sidhi सीधी: जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ककरहा टोला से चकदौर जा रहा धान से भरा एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में छह लोग घायल हो गए। सभी का रामपुर नैकिन अस्पताल में इलाज चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप ट्रक में लगभग 25 क्विंटल धान भरा हुआ था। सचिन सिंह और रामप्रसाद सिंह समेत छह लोग बोरियों के ऊपर बैठे थे। अधिक वजन के कारण चकदौर पहुँचते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
वाहन पलटने के बाद सभी यात्री बोरियों और वाहन के नीचे फंस गए। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और घायलों को बाहर निकालकर बचाव कार्य शुरू किया। हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। घायलों को तुरंत डायल 108 एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामपुर नैकिन पहुँचाया गया। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, हालाँकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
पिकअप वाहन रमेश जायसवाल का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी खड्डी नीरज साकेत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और घायलों को अस्पताल पहुँचाने में मदद की। प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि वाहन में अधिक वजन होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जाँच कर रही है।