Sheopur श्योपुर: देहात थाना क्षेत्र के प्रेमसर गांधी नगर के पास पुलिया से गिरकर एक युवक विष्णु आदिवासी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कराहल निवासी विष्णु आदिवासी प्रेमसर गांधी नगर से अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान उसने नहर की पुलिया पर बैठकर शराब पी और नशे की हालत में पुलिया से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी उस समय हुई जब ग्रामीणों ने पुलिया से गुजरते समय विष्णु को नीचे मृत पड़ा देखा और तत्काल देहात थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसआई सुखबीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक विष्णु शराब पीने का आदी था और प्रेमसर गांव में एक सरदार के पास काम करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।