Shahdol शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले पांच दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड अब जानलेवा साबित हो रही है। मैदानी इलाकों में लगातार पड़ रही ठंड की वजह से लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। बुधवार को कड़ाके की ठंड के बीच एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग ने ठंड से बचने के लिए अपने बिस्तर के नीचे अंगीठी जलाई थी। सोते समय अचानक आग लग गई, जिससे वह जिंदा जल गए।
यह घटना जिले के जयसिंह नगर थाना इलाके के अमझोर मोहर टोला में हुई। इलाके के रहने वाले 62 साल के ईश्वरदीन रैदास ने ठंड से बचने के लिए अपने कच्चे घर में खाट के नीचे अंगीठी जलाई और फिर सो गए। देर रात अंगीठी से निकली चिंगारियां उनके बिस्तर तक पहुंच गईं और देखते ही देखते खाट और बिस्तर में आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
बुजुर्ग गहरी नींद से नहीं उठ पाए और धधकती आग में पूरी तरह जल गए। सुबह जब उनके बेटे मुन्ना लाल रैदास और परिवार के दूसरे लोगों ने कमरे से धुआं निकलते देखा तो वे अंदर भागे। अंदर का नजारा भयानक था। खाट, बिस्तर और पूरा कमरा जलकर राख हो गया था। खाट के नीचे अंगीठी रखी थी। ईश्वरदीन रैदास का शरीर भी पूरी तरह जल गया था। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चूल्हे की लपटें खाट में लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।