Rewa रीवा: जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में एक कच्चा मकान गिराते समय बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह घटना बैकुंठपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर नदना गाँव में हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, गाँव निवासी रावेंद्र सिंह उर्फ पप्पू अपने पुराने कच्चे मकान को तोड़कर उसकी जगह नया पक्का मकान बनवाना चाहते थे।
इस काम के लिए उन्होंने दो मजदूरों गणेश कोल और रिंकू कोल को बुलाया था। मकान तोड़ने का काम चल ही रहा था कि अचानक पूरी इमारत ढह गई। तीनों लोग मकान के मलबे में दब गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने रावेंद्र सिंह उर्फ पप्पू और मजदूर गणेश कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे मजदूर रिंकू कोल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है। इस घटना से पूरे गाँव में मातम पसरा है। स्थानीय पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।