Raebareli रायबरेली: रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे उम्मेद मजरा देदूर गांव में सोमवार शाम फसल की सिंचाई करने गए मजदूर व किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दे दी गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम पूरे उम्मेद गांव निवासी राधेश्याम चौधरी (63) पुत्र स्वर्गीय लालता प्रसाद अपने खेत में धान की रोपाई करने के लिए अपने ही ट्यूबवेल से पानी भरने गए थे।
ट्यूबवेल चालू करते समय स्टार्टर में करंट आने से वह करंट की चपेट में आ गए। राधेश्याम को बचाने के लिए मजदूर संतलाल (35) पुत्र रतिपाल रैदास निवासी लोहरा मऊ थाना कोतवाली नगर भी करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। परिजनों द्वारा दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।