रायसेन। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नगरपालिका परिषद रायसेन द्वारा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वार्ड क्रमांक-17 में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमना सेन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करना और उनका संरक्षण किया जाना बेहद जरूरी है। हम सभी मिलकर पौधरोपण करें और पेड़ बनने तक उनकी देखभाल बच्चों की तरह करें।
इस अवसर पर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि हम पौधरोपण केवल अपने लिए नहीं करते, आने वाली पीढ़ी के लिए भी करते हैं। यह पौधे बड़े होकर वृक्ष का आकार लेंगे और आने वाली पीढ़ी के लिए सौगात होंगे। हम जो पौधे लगा रहे हैं उनकी देखभाल और सुरक्षा भी करें जिससे कि पौधे बड़े होकर वृक्ष का आकार ले सकें। उन्होंने नागरिकों से आव्हान करते हुए कहा कि पौधरोपण अभियान से जुड़कर पौधरोपण करें और पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें। उन्होंने नगर पालिका परिषद के प्रयासों की सराहना की नगर वन थीम में भी अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने के लिए कहा। कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। नपा सीएमओ रायसेन सुरेखा जाटव ने नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान के बारे में अवगत कराया।
पौधरोपण कर सिर्फ निभाई औपचारिकता....
हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी वार्ड 17 पानी की टँकी वाले विकसित और हरेभरे पार्क में नगरपालिका परिषद द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौध रोपण किया गया।बताया जाता है कि हरीघास और पौधे गार्डन में पहले से रोपित थे।सिर्फ फोटो खिंचाने के उद्देश्य से इक्का दुक्के पौधे रोपे और झंडे बैनर लगाकर महज औपचारिकता अदा की गई थी।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने किया पौधरोपण.....
कार्यक्रम स्थल पर नगर पालिका श्रीमती सविता जमनासेन, कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि जमना सेन, राकेश शर्मा, रायसेन नगर के विभिन्न वार्डो के पार्षदगणों द्वारा पौधरोपण किया गया। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा नागरिकों द्वारा भी पौधरोपण किया गया।