Neemuch नीमच: नीमच-रामपुराजिले के रामपुरा क्षेत्र में एक गांव में खेत पर बने कमरे में एमडी बनाने की अवैध फैक्टरी संचालित हो रही थी। इस पर एमपी पुलिस की नारकोटिक्स विंग इंदौर और मंदसौर के साथ नीमच पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान तैयार एमडी, प्रोसेस के बाद सुखाने के लिए रखी गई एमडी सहित कई तरह के केमिकल और उपकरण जब्त किए गए हैं। मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगामी जांच व कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई शुक्रवार को एमपी पुलिस की नारकोटिक्स विंग इंदौर की अगुवाई में विंग की मंदसौर यूनिट ने नीमच जिले के रामपुरा और कुकड़ेश्वर थाने की पुलिस को साथ लेकर की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिले के रामपुरा तहसील मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम लसूड़िया ईस्तमुरार में यह कार्रवाई की गई है। नशे से दूरी, हैं जरूरी अभियान के तहत लगभग 35 सदस्यीय टीम ने ग्राम लसूड़िया ईस्तमुरार में अर्जुन पुत्र शंकरलाल बंजारा व भाई रमेश बंजारा के खेत पर बने कमरे पर दबिश दी तो अर्जुन और रमेश के साथ मौके पर खेड़ी दायमा का निरंजन बंजारा मिला। यह तीन आरोपित मिलकर खेत पर बने कमरे में केमिकल और उपकरणों की मदद से एमडी ड्रग बना रहे थे।
इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से तैयार एमडी ड्रग, प्रोसेस के बाद सुखाने के लिए रखी एमडी ड्रग सहित केमिकल व उपकरण पकड़े हैं। टीम ने कार्रवाई के बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है। आरोपितों से एमडी ड्रग की अवैध फैक्टरी संचालित करने सहित सप्लाई चैनल की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।