राष्ट्रीय महिला आयोग ने शुरू किया: प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर, विवाह जीवन को सफल बनाने की दिशा में पहल

Update: 2025-11-28 16:21 GMT
Indore इंदौर: राष्ट्रीय महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने नई पहल ‘तेरे मेरे सपनें’ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो शादी करने जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य विवाह से पहले जोड़ों को वैवाहिक जीवन को समझने और बेहतर बनाने में मदद करना है। अध्यक्ष रहाटकर ने बताया कि इस पहल के तहत स्थापित प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर में जोड़े शादी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “शादी में जो बातें जरूरी हैं—समर्पण, प्यार, अपार विश्वास और आदर—उनके आधार पर विवाह चलता है, लेकिन कई ऐसी चीजें भी होती हैं जिन पर अगर शादी से पहले बातचीत हो जाए तो वैवाहिक जीवन और मजबूत बन सकता है।”
राष्ट्रीय महिला आयोग ने पिछले 8 महीनों से इस पहल की शुरुआत की है और अब तक देशभर में 60 स्थानों पर प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों में जोड़े शादी से जुड़ी अपने सवाल, संदेह और अपेक्षाओं को साझा कर सकते हैं। साथ ही उन्हें विवाह जीवन में संवाद, समझ और सहयोग के महत्व के बारे में मार्गदर्शन भी दिया जाता है। विजया किशोर रहाटकर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल जोड़ों को शादी की रस्मों तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उनके वैवाहिक जीवन को सशक्त और स्वस्थ बनाने के लिए उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार करना है। उन्होंने बताया कि यह पहल युवाओं में विवाह को लेकर जागरूकता, आपसी समझ और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाने में मदद करेगी।
अध्यक्ष ने यह भी बताया कि इस पहल में विवाह जीवन में तनाव, आपसी मतभेद और पारिवारिक जिम्मेदारियों से निपटने के तरीके पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विवाह केवल सामाजिक बंधन नहीं, बल्कि विश्वास, समझ और सहयोग का स्थायी रिश्ता बनेगा। राष्ट्रीय महिला आयोग की यह पहल समाज में स्वस्थ और सुदृढ़ वैवाहिक जीवन की दिशा में म  हत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से आयोग विवाह से पहले संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ जोड़ों को समझ और सहयोग के मूल्यों से लैस कर रहा है।
Tags:    

Similar News