Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : भारी बारिश के कारण नदियाँ उफान पर हैं, जिससे कई गाँवों का संपर्क टूट गया है। कई इलाकों में जलभराव की खबर है। चित्रकूट में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ा है। रामघाट, भरतघाट समेत सभी प्रमुख घाट जलमग्न हो गए हैं।
मैहर में माँ शारदा माता मंदिर जाने वाले रास्ते पर तीन फीट तक पानी भर गया है। उमरिया स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला बाँध के दो गेट अतिरिक्त पानी निकालने के लिए खोल दिए गए हैं। राज्य के मध्य-पूर्वी जिलों - छतरपुर, दमोह, सागर, कटनी, जबलपुर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है।