MP News: बुंदेलखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण धसान नदी का जलस्तर बढ़ गया है और हरपालपुर के पास मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित लहचूरा बांध के सात गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है. प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. शनिवार को सुबह 11 बजे लहचूरा बांध के सात गेट 2.50 मीटर की ऊंचाई तक खोल दिए गए, जिससे 84,600 क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा गया. यह बांध मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर हरपालपुर के पास स्थित है और इसका भराव क्षेत्र दोनों राज्यों में फैला हुआ है|
उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन इस बांध में पहाड़ी इलाकों और सुखनई नदी से पानी की भारी आवक के कारण जलस्तर बढ़ गया था. यूपी सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर रामआसरे यादव ने बताया कि बांध की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है. प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के निवासियों, चरवाहों और मछुआरों को नदी और उसके आसपास के निचले इलाकों या टापुओं से दूर रहने की हिदायत दी है। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को नियंत्रण कक्ष या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करने को कहा गया है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर हैं और बारिश और बाढ़ की स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।
Tags: