Mp News : मध्य प्रदेश के कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत धनवाही गांव के एक खेत में मगरमच्छ देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को रेस्क्यू कर जबलपुर भेज दिया। ढीमरखेड़ा के धनवाही गांव में खेत में काम कर रहे मंगेली निवासी घनश्याम पटेल की नजर अचानक गुड्डू ठाकुर के खेत पर पड़ी, उसके खेत में पानी में मगरमच्छ शांत पड़ा था।
मगरमच्छ को देखकर घनश्याम घबरा गया और वह चीखता हुआ भाग गया। घनश्याम ने मगरमच्छ के बारे में सभी ग्रामीणों को बताया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को रेस्क्यू किया। बताया जा रहा है कि टीम रेस्क्यू करने के बाद मगरमच्छ को जबलपुर डुमना खंडारी जलसा नदी में छोड़ देगी।