MP News: मध्य प्रदेश के सीधी के ग्राम बघवार में सोमवार रात करीब 8 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार सफेद रंग की विटारा ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हृदय विदारक घटना गांव के पास पिपराव क्षेत्र में हुई। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे खेत में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मृतक की पहचान रिकेन्द्र सिंह पिता अजय सिंह उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम बघवार के रूप में हुई है। इस बीच घायल युवक शांतनु सिंह पिता संजय सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम बुरहा गौना को तत्काल एंबुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शांतनु की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दुर्घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा एवं गति नियंत्रण को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को उजागर किया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं रिकेन्द्र सिंह की आकस्मिक मौत पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।