MP News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के एक गांव में निर्माणाधीन कुआं ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर जावरा क्षेत्र के जूना गड़गड़िया गांव में मंगलवार शाम करीब सात बजे यह हादसा उस समय हुआ, जब दशरथ गुर्जर के यहां 40 फुट गहरे कुएं की दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था।
जावरा नगर पुलिस अधीक्षक सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने बताया कि दिनभर बूंदाबांदी होने से मिट्टी गीली हो गई थी, जिसके कारण कुआं ढह गया। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला राहत दल के साथ मौके पर पहुंचा और करीब साढ़े छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात डेढ़ बजे दोनों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान केलूखेड़ा गांव निवासी विक्रम सिंह (43) और अमर सिंह (32) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिए गए।