Mp News: मध्य प्रदेश के बालाघाट से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। बालाघाट के जंगल में पिहरी (देसी मशरूम) इकट्ठा करने गए 65 वर्षीय एक व्यक्ति पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ ने वृद्ध को ज़िंदा ही नोच डाला और उसका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। मृतक वृद्ध की पहचान मंगरूलाल सर्राटी के रूप में हुई है। यह घटना कटंगी वन क्षेत्र की है। यहाँ पहले भी ऐसी घटनाएँ हो चुकी हैं।
वृद्ध पर बाघ के हमले की यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। सिरपुर गाँव निवासी मंगरूलाल सर्राटी अपने दो अन्य साथियों के साथ पिहरी इकट्ठा करने जंगल गए थे। ये तीनों अलग-अलग जगहों से पिहरी इकट्ठा कर रहे थे। उनमें से दो तो पिहरी इकट्ठा करने के बाद सिरपुर गाँव लौट आए, लेकिन मंगरूलाल सर्राटी वापस नहीं लौटे। उनके दो साथियों ने सोचा कि वह कहीं पीछे छूट गए होंगे और वापस आ जाएँगे।
इसके बाद, जब मंगरूलाल सर्राटी शाम तक वापस नहीं लौटे, तो ग्रामीणों ने रात में उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। अगले दिन शुक्रवार को जंगल में काफी तलाश करने के बाद, उनके धड़ और पैर अलग-अलग मिले। बाघ ने मंगरूलाल सर्राटी के कमर के नीचे के पूरे हिस्से को नोच डाला था। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। बाघ के इस हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
Tags: