Mp News: सरकारी स्कूल में टॉयलेट की टूटी-फूटी दीवार गिरने से छात्र की मौत
Mp News: सरकारी स्कूलों की बदहाली और प्रशासन की अनदेखी ने बुधवार को एक हंसते-खेलते मासूम की जान ले ली है। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कैमोर थाना के बमहनगवां शासकीय स्कूल में एक जर्जर शौचालय की दीवार ढह गई है। हादसे में मलबे के नीचे दबकर कक्षा 5वीं के 11 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद जहां एक ओर परिवार में चीख-पुकार मची है, वहीं शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
मृतक के चाचा सत्यम बर्मन ने बताया कि राजकुमार रोज की तरह बुधवार को भी स्कूल गया था। स्कूल परिसर में वह जब शौचालय का उपयोग करने गया, तभी अचानक से जर्जर हो चुकी दीवार भरभरा कर उसके ऊपर गिर पड़ी। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर राजकुमार की 9 वर्षीय छोटी बहन दौड़कर मौके पर पहुंची। उसने अपने नन्हे हाथों से मलबे में दबे भाई को बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह भारी ईंट-पत्थरों को हटा नहीं सकी। इसके बाद रोते हुए बच्ची ने शिक्षकों और परिजनों को सूचना दी। जब तक लोग पहुंचे और मलबा हटाया गया, तब तक राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
सिस्टम की संवेदनहीनता यहीं खत्म नहीं हुई। घायल बच्चे को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। बच्चे की जान बचाने की जद्दोजहद में परिजनों ने तुरंत 500 रुपए देकर एक ऑटो रिक्शा बुक किया और उसे विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। दुर्भाग्य से, वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन मोहित बर्मन, सत्यम बर्मन और अन्य ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि, इस मौत का जिम्मेदार स्कूल प्रबंधन है। परिजनों के अनुसार ,स्कूल के खंडहर हो चुके भवनों और शौचालय की मरम्मत के लिए शिक्षकों को कई बार मौखिक रूप से आगाह किया गया था। लेकिन प्रबंधन ने इस गंभीर खतरे को नजरअंदाज किया, जिसका खामियाजा आज एक मासूम को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि ने बताया की घटना बेहद दुखद है। हमने तत्काल एक टीम गठित कर दी है जो हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार आंगे की कार्यवाही की जाएगी।