MP News: छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने यह खौफनाक कदम अपने पिता की मोटरसाइकिल की हेडलाइट तोड़ने पर डांट से नाराज होकर उठाया। पुलिस के मुताबिक ग्राम मुंगानापार निवासी भोजराज दरशाम (50) की उसके ही बेटे संजू उर्फ ​​संजय दरशाम (27) ने हत्या कर दी। संजय मजदूरी करता है। 22 जून को वह अपने ससुराल ग्राम आरिकाटा (रामकोना) से मोटरसाइकिल पर गेहूं लेकर लौटा था। इस दौरान मोटरसाइकिल की हेडलाइट टूटी हुई थी।
घर पहुंचकर पिता भोजराज ने इस बात को लेकर बेटे से नाराजगी जताई और उसे डांटा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि संजू ने पास में रखी कुल्हाड़ी से अपने पिता के चेहरे और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बिछुआ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags: