MP News: पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। दीवार तोड़कर चोरी करने वाले कुख्यात मोंगिया गिरोह के एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी महावीर उर्फ ​​वीरा मोंगिया राजस्थान के बारां जिले के किशनगंज थाना क्षेत्र के करीरिया गाँव का निवासी है। पुलिस ने इस 23 वर्षीय आरोपी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।पूरी घटना 26 अप्रैल, 2025 की है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मकड़ावदा कलां गाँव निवासी 55 वर्षीय राधेश्याम पुत्र बद्रीलाल बैरवा के घर में सेंध लगाई थी। चोरों ने लगभग 50,000 रुपये के सोने-चाँदी के जेवरात और अन्य सामान चुरा लिया था।
पुलिस इस मामले में 29 अप्रैल को ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। महावीर फरार था। पुलिस ने 10 जुलाई को उस पर इनाम घोषित किया था।बड़ौदा थाना पुलिस ने 23 सितंबर को दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के चांदी के जेवर भी बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिनसे अन्य अपराधों का भी खुलासा हो सकता है।बड़ौदा थाना प्रभारी सत्यम गुर्जर ने बताया कि गिरफ्तार चोर महावीर उर्फ ​​वीरा मोंगिया और उसका पूरा परिवार चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। वे पहले गाँव-गाँव, कस्बे-कस्बे घूमकर टोह लेते हैं। फिर रात के अंधेरे में घरों की दीवारें तोड़कर चोरी करते हैं।
उनके पूरे परिवार पर विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उनका मुख्य पेशा चोरी करना है और यह गिरोह चोरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। यह गिरोह पहले भी कई बार पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है, लेकिन फिर भी इनकी हरकतें बंद नहीं हुई हैं। यह गिरोह कई सालों से घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है।
Tags: