MP News: दिनभर खेतों में मेहनत कर घर लौट रहे मजदूरों की खुशियां लापरवाही के चलते पल भर में बिखर गईं। बुधवार शाम को ग्राम बोरई में उदयपुर रोड मोड़ पर मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई। वाहन में 24 मजदूर सवार थे, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। बताया गया कि पिकअप चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और उसने मोड़ पर ब्रेक नहीं लगाए। रफ्तार का कहर ऐसा था कि पिकअप पलट गई और मजदूरों की चीख-पुकार दूर-दूर तक गूंजी। गांव के लोग दौड़े और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए। घायल मजदूरों का आरोप है कि रात में अस्पताल में एक बार डॉक्टर ने उन्हें देखा, उसके बाद कोई पूछने नहीं आया।
बीएमओ और जिम्मेदार डॉक्टरों की गैरमौजूदगी ने इलाज में लापरवाही को उजागर कर दिया। सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि मजदूरों को उन्हीं वाहनों में लाया जा रहा था जिनका काम माल ढोना है। ऐसे मालवाहक वाहन में सवारी करना कानूनी तौर पर गलत है और जान को भी खतरा है, लेकिन गांवों में यह आम बात हो गई है। इस लापरवाही ने फिर हादसे को न्योता दे दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मोड़ पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, घायल मजदूरों को उचित उपचार मुहैया कराया जाए तथा तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।