MP News: रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि इस दुखद घटना में 28 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से 5 की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल रेफर किया गया है। यह हादसा भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर देहगांव थाना क्षेत्र के मुड़ियाखेड़ा के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ। गढ़ी कस्बे के खैरुआ मोहल्ले के करीब 40 मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर धान की रोपाई करने जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे मुड़ियाखेड़ा के पास तेज रफ्तार होने के कारण पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस की डायल 100 मदद के लिए पहुंची। सभी घायलों को तुरंत रायसेन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल रेफर किया गया है। हादसे में हरिराम कुशवाह, दीपेश कुशवाह, गंगाबाई अहिरवार, सोनू अहिरवार, रानी बाई, कमल ठाकुर, बलवान, केसर बाई अहिरवार, परशुराम कुशवाह, राजेश बंसल, अंजलि, रागिनी, शीला बाई, कमल सिंह, लक्ष्मी नारायण, अजय सिंह, सविता आदिवासी, कल्लू आदिवासी, पूनम बाई, हल्की अहिरवार, कमलेश आदिवासी, रूप सिंह अहिरवार, किशोरी, रानी बाई, राजकुमारी, दीपाली, लखन रायकवार, प्रवेश घायल हो गए।