MP News: मंगलवार सुबह 11:27 बजे दतिया में जोरदार धमाका सुनाई दिया, जिससे पूरा शहर हिल गया। धमाका इतना जोरदार था कि घरों की खिड़कियां तक हिल गईं और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भूकंप का झटका कुछ मिलीसेकंड तक महसूस किया गया, जिससे भूकंप की आशंका जताई जा रही है। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने इस दौरान आसमान में वायुसेना के लड़ाकू विमानों की आवाज सुनी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह किसी ट्रेनिंग गतिविधि का असर भी हो सकता है। दीवारों में दरारें, दहशत में लोग
शहर के कुछ इलाकों में इस धमाके के बाद घरों की दीवारों में दरारें आने की खबरें आई हैं।
इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। एसपी वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि रावतपुरा इलाके में भारतीय वायुसेना ट्रेनिंग कर रही है और संभवत: तेज आवाज वहीं से आई होगी। इस संबंध में वायुसेना से जानकारी ली जा रही है। उधर, मौसम विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। अधिकारियों की अपील- घबराएं नहीं, अफवाहों से बचें जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत रहें। हालांकि, जब तक इस रहस्यमयी विस्फोट का असली कारण सामने नहीं आता, तब तक लोग दहशत में हैं। यह भूकंप था या वायुसेना की गतिविधि? अब शहरवासियों के मन में यह सवाल बना हुआ है कि यह प्राकृतिक झटका था या वायुसेना की ट्रेनिंग का असर? इसका सही जवाब प्रशासनिक जांच के बाद ही मिल सकेगा। फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन लोग इस अप्रत्याशित विस्फोट को लेकर अभी भी आशंकित हैं।