MP News: कुएं में गिरे बछड़े को बचाने गए 6 लोगों में से 5 की मौत,एक घायल
MP News: जिले के धरनावदा गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। आम के बगीचे में बने कुएं में गिरे बछड़े को बचाने उतरे 6 लोगों में से 5 की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आम तोड़ने आए ठेकेदार के लोगों ने बछड़े को भगाया, जो भागकर कुएं में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक 6 लोग कुएं में उतरे। लेकिन अंदर जहरीली गैस होने की आशंका के चलते ये लोग बेहोश हो गए। हादसे से पहले एक युवक पवन कुशवाह किसी तरह कुएं से बाहर आ गया, जिससे उसकी जान बच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, गेल की सीआईएसएफ यूनिट, एसडीईआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ रेस्क्यू टीम ने खाट और रस्सियों की मदद से पांच शवों को कुएं से बाहर निकाला। गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि कुएं में संभवतः कार्बन मोनोऑक्साइड या किसी अन्य जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। फिलहाल गैस का सैंपल जांच के लिए लैब भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
एसडीईआरएफ की टीम ने बताया कि कुएं में करीब 12 फीट पानी भरा हुआ था, जिससे रेस्क्यू में काफी दिक्कत आई। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे कलेक्टर किशोर कन्याल की गाड़ी को घेर लिया और प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने दो घायलों को निजी वाहन से अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि प्रशासन हादसे के करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंचा। यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।