MP News: मां ने अपने बेटे को तेंदुए के जबड़े से बचाया, घर के बाहर खेल रहा था मासूम बच्चा
MP News: एक मां अपने बच्चों की रक्षा के लिए दुनिया की किसी भी बड़ी ताकत से लड़ सकती है. मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है. श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क के जंगल से निकलकर एक तेंदुआ गांव में घुस आया और 9 साल के बच्चे पर हमला कर दिया. मामले की जानकारी मां को लगते ही वह तेंदुए और बच्चे के बीच कूद गई और तेंदुए से अपने बेटे की जान बचाई. हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया है|
श्योपुर जिले के विजयपुर क्षेत्र के उमरी गांव में तेंदुए ने एक बच्चे पर हमला कर दिया है. कूनो नेशनल पार्क का जंगल इस गांव से महज 5 से 6 किलोमीटर दूर है. इस वजह से इस गांव में रोजाना जंगली जानवर पहुंच जाते हैं. रविवार को एक तेंदुए ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर हमला कर दिया. बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां मौके पर पहुंची और वह निडर होकर अपने बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई. इसके बाद तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया. 'तेंदुए ने किया हमला'
इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है. अब इस पूरे मामले में वन विभाग के अधिकारी सफाई दे रहे हैं कि यह हमला तेंदुए ने नहीं किया है, लेकिन बच्चे के परिजन और ग्रामीण कह रहे हैं कि तेंदुए ने हमला किया है. इस घटना के बाद गांव के लोग काफी गुस्से में हैं. उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है कि कोई जंगली जानवर गांव में आया हो. इससे पहले भी जंगली जानवर गांव में आते रहते हैं|
वन विभाग को ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने चाहिए. ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके. इस पूरे मामले में एक मां ने अपने बेटे को मौत के मुंह से बाहर निकाला है. अगर मां समय रहते बेटे के पास नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था|