MP News :मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे पाटौर वन परिक्षेत्र के मझौली गांव में तेंदुए का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि जिस जगह कंकाल मिला है, वह राजस्व क्षेत्र में आता है। इस घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और रिजर्व प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सबसे पहले मौके पर पहुंचने वाले अधिकारियों में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय, एसडीओ पनपथा भूरा गायकवाड़, वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्पित मैराल, एनटीसीए प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र प्रजापति और पनपथा के सरपंच मूलचंद जायसवाल शामिल थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई, ताकि घटना स्थल और आसपास के इलाके की गहन जांच की जा सके। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए की मौत करीब दो सप्ताह पहले हुई होगी और तब से वह मांसाहारी जानवरों का शिकार बन रहा है। हालांकि तेंदुए की मौत के असली कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। वन विभाग ने शव को सुरक्षित रख पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। वन्य जीव पशु चिकित्सक डॉ. राजेश तोमर और आदर्श पशु चिकित्सक विपिन चंद्र ने मौके पर ही शव का पोस्टमार्टम किया और सभी जरूरी नमूने एकत्र किए।
इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध संख्या 446/12 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई चल रही है। अधिकारी शिकार, आपसी संघर्ष या बीमारी जैसे पहलुओं पर ध्यान देते हुए मौत के संभावित कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं।