MP News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में परीक्षा में कम अंक आने से आहत एक छात्रा ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। हरसूद थाना क्षेत्र के ग्राम बामनगांव में रहने वाली छात्रा अंजलि पुत्री सुरेश सिंह राजपूत खंडवा के लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। इस वर्ष परीक्षा में कम अंक आने से वह मानसिक रूप से तनाव में आ गई और घर में रखी सल्फास की गोलियां खा लीं। परिजन उसे हरसूद अस्पताल ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुछ देर इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक छात्रा के पिता का कहना है कि अंजलि पढ़ाई में काफी होशियार थी। उसका सपना वकील बनने का था, इसलिए हम उसे खंडवा लॉ कॉलेज में पढ़ा रहे थे। वह कुछ दिनों से घर पर ही थी। शुक्रवार को हम सब खेत पर गए थे। रास्ते में उससे पूछा गया कि उसने ऐसा क्यों किया। उसने बताया कि परीक्षा में उसके कम अंक आए थे। इसलिए उसने जहर की गोलियां खा लीं। उसे हरसूद से जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल छात्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags: