Mp News: अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ ,अधिक मात्रा में ड्रग्स की खेप जब्त
\Mp News: मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन शुद्धि' के तहत एक बार फिर बहुत अधिक मात्रा में ड्रग्स की खेप पकड़ी गई है। राजगढ़ पुलिस ने एक ऐसी ऐतिहासिक सफलता हासिल की है, जिसने नशा माफियाओं की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (IPS) के कड़े निर्देशन और थाना माचलपुर प्रभारी निरीक्षक भागीरथ शाक्य की सुनियोजित घेराबंदी के चलते करीब 30 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स और रॉ मटेरियल जब्त कर अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है। 04 फरवरी से 11 फरवरी तक चले इस 'साइलेंट ऑपरेशन' में पुलिस ने न केवल एमडी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी, बल्कि गिरोह के मुख्य सरगनाओं को भी सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
इस पूरी कार्यवाही में माचलपुर थाना प्रभारी भागीरथ शाक्य की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही। जब आरोपियों ने पुलिस के डर से आदमपुरा के जंगलों में 266 किलोग्राम घातक केमिकल (रॉ मटेरियल) फेंक दिया था, तब निरीक्षक शाक्य ने अपनी टीम के साथ तकनीकी साक्ष्यों का जाल बुना। ग्राम रामगढ़ की एक दुकान के धुंधले फुटेज से सिल्वर वैगनआर कार की पहचान करना इस केस का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। थाना प्रभारी की तत्परता का ही परिणाम था कि, पुलिस ने भाग रहे आरोपियों को ब्राह्मणगांव के पास घेराबंदी कर दबोच लिया।