Mp News : जिले में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। रेत से भरा एक ट्रक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कच्चे मकान से जा टकराया। हादसे में घर के अंदर सो रहे 27 वर्षीय देसिन पिता नूरा मेड़ा, उनकी 25 वर्षीय पत्नी रमीला और 6 वर्षीय बेटी आरोही की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि शवों को निकालने में करीब तीन घंटे का समय लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे फतीपुरा गांव के चोरन माता घाट क्षेत्र में हुई। ट्रक छोटा उदयपुर से राजगढ़ रेत लेकर जा रहा था और ग्रामीण रास्तों से होते हुए झिरी गांव की ओर जा रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक कच्चे मकान से जा टकराया, जिससे परिवार के तीनों सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, इन दिनों रेत माफिया खनिज विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए मुख्य सड़कों की बजाय ग्रामीण इलाकों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह ट्रक भी इसी रास्ते से गुजर रहा था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।हादसे की खबर मिलते ही कलेक्टर नेहा मीणा ने एसडीएम गाचले से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।
Tags: