MP News: मानसून के प्रवेश से पहले मध्य प्रदेश में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है. नर्मदापुरम के सिवनी मालवा में रविवार दोपहर करीब 40 मिनट तक तेज बारिश हुई. पिपरिया और बड़वानी में भी पानी गिरा. इससे पहले शनिवार देर रात मऊगंज में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए. इस बार मानसून देश में 8 दिन पहले ही आ गया था. वहीं, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में यह तय समय से पहले पहुंच गया था|
ऐसे में उम्मीद थी कि यह जून के पहले हफ्ते में मध्य प्रदेश में आएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पिछले 15 दिनों से मानसून महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में एक ही स्थान पर टिका हुआ था. इस कारण यह मप्र में प्रवेश नहीं कर सका. हालांकि, अब मानसून आगे बढ़ने लगा है. इसलिए अब यह 16-17 जून तक प्रदेश में पहुंच सकता है. बता दें कि मप्र में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 15 जून ही है. पिछले साल यह 21 जून को प्रवेश कर गया था. इस बार गर्मी में भी लगातार 43 दिनों तक बारिश का रिकॉर्ड बना है।