MP News: जीआरपी जवान बना देवदूत, बच्ची की बचाई जान

Update: 2025-03-29 06:10 GMT
MP News: अशोकनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर बीना-कोटा मेमो ट्रेन में बड़ा हादसा टल गया। बीना से बारां जा रही 14 वर्षीय बालिका अपनी मां व दो भाइयों के साथ सफर के दौरान खाने का सामान लेने प्लेटफार्म पर उतरी। दोबारा ट्रेन में चढ़ते समय ट्रेन की गति तेज हो गई थी, जिससे बालिका का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच फंस गई।
इस दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात रेलवे पुलिस कांस्टेबल गोविंद सिंह चौहान ने तत्काल सजगता दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित प्लेटफार्म पर खींच लिया और उसकी जान बचाई। घटना के बाद बालिका बेहद घबरा गई, जिसे जीआरपी ने संभाला और परिजनों की काउंसलिंग की।
इस घटना के कारण ट्रेन करीब 10 मिनट तक प्लेटफार्म पर रुकी रही। बालिका के परिजनों व यात्रियों ने कांस्टेबल की तत्परता व साहसपूर्ण कार्य के लिए आभार जताया और रेलवे पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की। यात्रा के दौरान सतर्क रहें, चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें तथा बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी आपातकालीन या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जीआरपी को दें।
Tags:    

Similar News