MP News: मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर जलभराव हो गया है। मौसम विभाग ने रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते राजगढ़ जिले के सभी स्कूलों में रविवार, 28 जुलाई, सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह अवकाश नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में लागू होगा। हालाँकि, शिक्षकों का स्कूल में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। लेकिन सहायिकाओं को केंद्र पर ड्यूटी पर उपस्थित रहना होगा।
रविवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। जिन जिलों में बारिश हुई उनमें श्योपुर, बैतूल, भोपाल, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रतलाम, नर्मदापुरम, दतिया, छिंदवाड़ा, खंडवा, मुरैना, शिवपुरी, उज्जैन, विदिशा, सागर, मंडला, जबलपुर, अशोकनगर, मंदसौर, नौगांव (छतरपुर), सिवनी, टीकमगढ़, बालाघाट, सीहोर, देवास, शाजापुर, राजगढ़ और आगर-मालवा शामिल हैं।
बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना किसी जरूरी कारण के घर से बाहर न निकलें और जलभराव या नदी-नालों के पास जाने से बचें|