MP News : जिले के कोलारस में सड़क हादसा इस हादसे में एक डबल डेकर बस अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित होकर पलट गई. बस तेज रफ्तार से आ रही थी. तभी ड्राइवर को सड़क पर डिवाइडर दिखाई दिए. इसके बाद ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए और गाड़ी को मोड़ने की कोशिश की. ऐसे में बस अनियंत्रित होकर खिलौने की तरह पलट गई. बस में करीब 50 यात्री सवार थे. हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है|
दरअसल, यह हादसा नेशनल हाईवे-46 पर हुआ. बताया जा रहा है कि शताब्दी ट्रैवल्स की बस लखनऊ से इंदौर जा रही थी. इस तेज रफ्तार बस में करीब 50 यात्री सवार थे. बताया जा रहा है कि हादसा कोलारस बायपास पर हुआ. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी. सूचना मिलने पर कोलारस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को बाहर निकाला. मामूली रूप से घायल हुए यात्रियों को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया|
अगर हादसे की मुख्य वजह की बात करें तो एनएचएआई की लापरवाही सामने आई है। यहां हाईवे के एक हिस्से को प्लास्टिक के बैरिकेड्स से ब्लॉक कर दिया गया था। इन बैरिकेड्स पर न तो रिफ्लेक्टर थे और न ही पर्याप्त रोशनी। बस के आगे चल रही एक कार बैरिकेड्स देखकर समय रहते मुड़ गई, लेकिन बस चालक की नजर अचानक बैरिकेड्स पर पड़ गई और उसने तेज ब्रेक लगा दिए, जिससे बस पलट गई। गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। उपचार के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से इंदौर भेजा गया।