Mp News: जिले के करेली स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में बड़ा हादसा हो गया। ट्रिली प्लाईवुड बनाने वाली फैक्टरी के ड्रायर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे लगी आग की चपेट में आकर चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ, जब मजदूर नियमित शिफ्ट में काम कर रहे थे। अचानक तेज धमाके के साथ ड्रायर फट गया और फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठने लगीं और आसपास काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
घटना के बाद फैक्टरी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिजनों का कहना है कि, उन्हें करीब 15 घंटे तक हादसे की जानकारी नहीं दी गई। जब किसी तरह उन्हें सूचना मिली और वे अस्पताल पहुंचे तो घायलों से मिलने नहीं दिया गया। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया।करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिग्वे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ड्रायर फटने से आग लगने की बात सामने आई है। आग की चपेट में आने से चार मजदूर झुलस गए। पुलिस के अनुसार परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं और मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। फैक्टरी प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।