MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस पर एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। गौरिहार इलाके के चितहरी तिराहे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एटीएम में कैश लोड करने जा रही एक निजी एजेंसी की गाड़ी को निशाना बनाया और बंदूक की नोक पर 61 लाख 17 हजार 100 रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना शुक्रवार सुबह की है और मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा के करीब होने के कारण मामले की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और नाकाबंदी कर जल्द ही लूट का खुलासा करने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, लूट की यह वारदात सुबह करीब 9 बजे गौरिहार इलाके के चितहरी तिराहे पर हुई। पीड़ित मनीष कुमार, जो उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के निवासी हैं, ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ एक निजी एजेंसी की गाड़ी (एमपी 16 सीबी 3167) से सरबई एटीएम में कैश लोड करने जा रहे थे। गाड़ी में 61 लाख 17 हजार 100 रुपये कैश थे, जो उत्तर प्रदेश के एक बैंक से निकाले गए थे। चितहरी तिराहा पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार रुकवाई। मनीष के मुताबिक, बदमाशों ने उन्हें और उनकी टीम को बंदूक की नोक पर धमकाया और कार में रखा नकदी से भरा बैग छीन लिया। पूरी वारदात को चंद मिनटों में अंजाम दिया गया और बदमाश मौके से फरार हो गए। मनीष ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद लवकुशनगर और जुझारनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुँच गई।