MP News: शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दंपत्ति को ट्रक ने रौंदा, महिला की मौत
MP News: छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीती रात एक ट्रक चालक ने शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर जा रहे बाइक सवार दंपती को रौंद दिया, जिससे महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ढड़ारी निवासी 50 वर्षीय गनपत यादव अपनी 47 वर्षीय पत्नी रामकली के साथ ग्राम थरा में रिश्तेदार के घर शादी समारोह में गए थे। बुधवार-गुरुवार की रात करीब 3 बजे दोनों अपने गांव लौट रहे थे। तभी सागर-कानपुर हाईवे पर ढड़ारी तिराहा के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एचटी 9255 ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक चला रही रामकली सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गनपत बाइक समेत सड़क किनारे गिरकर घायल हो गया। घायल गनपत और उसकी मृतक पत्नी रामकली को जिला अस्पताल लाया गया, जहां गनपत का इलाज चल रहा है। गुरुवार को रामकली का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सिविल लाइन पुलिस उसकी तलाश कर रही है।