MP News: नेशनल हाईवे पर चलती कार अचानक आग के गोले में बदल गई, परिवार ने बाहर निकलकर बचाई जान
MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी-कोटा-झांसी फोरलेन पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। अमोला-सुरवाया के बीच चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार परिवार ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई और उसमें रखा सारा जरूरी सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
मिली जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी शाहनवाज खान अपने परिवार के साथ गुना जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार फोरलेन पर अमोला घाटी के पास पहुंची तो इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में कार में आग की लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी मौके पर रुक गए और मदद की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
शाहनवाज खान ने बताया कि वह किसी पारिवारिक काम से गुना जा रहे थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी और दो बच्चे भी थे। धुआं उठते ही उन्होंने तुरंत कार रोकी और सभी को बाहर निकाला। कुछ ही पलों में कार आग की लपटों में घिर गई। करीब 10 मिनट में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन परिवार का कीमती सामान और दस्तावेज जलकर राख हो गए।