MP Crime: भूत भगाने के बहाने तांत्रिक ने युवती से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
MP Crime: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. बीमार युवती पर भूत-प्रेत का साया बताकर झाड़-फूंक करते हुए एक तांत्रिक ने उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया. आरोपी ने परिवार के सदस्यों को एक घेरे में बैठाया और फिर दूसरे कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. सोहागी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है|
सोहागी थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़ित 20 वर्षीय युवती पिछले कुछ समय से बीमार थी. परिजनों ने उसे समर उर्फ समरेंद्र नाम के तांत्रिक को दिखाया. जिसके बाद तांत्रिक उसका इलाज करने उनके घर पहुंच गया. घर पहुंचते ही तांत्रिक ने एक बड़ा घेरा बनाकर परिवार के सभी सदस्यों को उसके अंदर बैठा दिया. इसके बाद वह युवती को झाड़-फूंक के लिए दूसरे कमरे में ले गया और उसके शरीर से भूत-प्रेत निकालने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया. लड़की के घर पहुंचकर आरोपी तांत्रिक ने सबसे पहले परिवार के लोगों को अपने जाल में फंसाया। उसने चूने से घेरा बनाकर सभी को उसके अंदर जाने को कहा और चेतावनी दी कि जब तक वह न कहे तब तक बाहर मत जाना।
अगर बाहर गए तो तुम भी भूत की गिरफ्त में आ जाओगे। इसलिए ये लोग चुपचाप खड़े रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तांत्रिक मौके से फरार हो गया। लड़की ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी तो वे लड़की को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिश दी लेकिन वह फरार हो चुका था, बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।