MP: ₹4 करोड़ का पुल 10 दिन में धंसा, कांग्रेस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
Rampur रामपुर : सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र के बघवार गाँव में एक नवनिर्मित पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।
बाणसागर नहर पुल का निर्माण 4 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। यह पुल अभी 10 दिन पहले ही बनकर तैयार हुआ था। रविवार सुबह करीब 9 बजे पुल के बीचों-बीच 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया। पुल के किनारों पर दरारें भी आ गई हैं। यह पुल रीवा, सतना, सीधी और शहडोल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर स्थित है। घटना के समय कुछ स्कूली बच्चे और बाइक सवार पुल पार करने वाले थे।
घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पुल का एक वीडियो शेयर किया है। कांग्रेस ने लिखा, "भ्रष्टाचार का पुल एक महीने में ही ढह गया। सीधी जिले के बघवार में नहर पर बना पुल यातायात शुरू होने के एक महीने बाद ही ढह गया।"
कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को लेकर भी मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। पोस्ट में लिखा है, "मोहन सरकार में भ्रष्टाचार अब सड़कों और पुलों के मलबे में साफ़ दिखाई दे रहा है। हर गिरता ढाँचा सरकार की गिरती साख का प्रमाण है।" स्थानीय निवासी रामाधार यादव के अनुसार, पुल का निर्माण बहुत जल्दबाजी में किया गया था। उन्होंने पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर यह हादसा स्कूल के समय में होता, तो बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।