Gwalior ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। एक व्यक्ति की शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन पर इंस्टाग्राम के जरिए आए एक लिंक को क्लिक करने के बाद संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। ग्वालियर सिटी एसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को जानकारी दी कि वह ग्वालियर का रहने वाला है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी पत्नी मोबाइल फोन का इस्तेमाल करती हैं। मोबाइल चलाते समय उन्होंने इंस्टाग्राम पर आए एक लिंक पर क्लिक कर दिया, जिसके बाद फोन के कुछ फीचर और कार्यप्रणाली प्रभावित होने लगी।
एसपी ने बताया कि लिंक क्लिक करने के बाद मोबाइल में तकनीकी समस्या आने लगी और इसके बाद साइबर फ्रॉड की आशंका हुई। शिकायतकर्ता ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर मामले की जानकारी दी। साइबर हेल्पलाइन से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। शिकायत मिलने के बाद संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज की गई और अब मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता से घटना से जुड़ी सभी जानकारी ली जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय गतिविधियों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि साइबर अपराधियों ने किस तरह से वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
सिटी एसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता का विवरण लेकर बैंकिंग लेनदेन और डिजिटल गतिविधियों को वेरिफाई करना शुरू कर दिया है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कोई आर्थिक नुकसान हुआ है या नहीं और इस मामले में कौन लोग शामिल हैं।
साइबर पुलिस लगातार लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह देती रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आने वाले संदिग्ध मैसेज, ऑफर और लिंक के जरिए साइबर अपराधी लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक को खोलने से पहले उसकी सत्यता जांच लें। खासकर बैंकिंग, निजी जानकारी और मोबाइल एक्सेस से जुड़े मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। ग्वालियर पुलिस अब इस मामले में तकनीकी जांच के जरिए साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
Tags: